Monday, October 19, 2026
Home उत्तराखण्ड टांडा मोड़ निगरानी चौकी से पुलिसकर्मी और होमगार्ड के जवान हटाए

टांडा मोड़ निगरानी चौकी से पुलिसकर्मी और होमगार्ड के जवान हटाए

0
25

रुद्रपुर। एसएसपी मणिकांत मिश्र ने टांडा मोड़ निगरानी पुलिस चौकी पर तैनात कर्मियों की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए चौकी में तैनात पुलिसकर्मी और होमगार्ड के दोनों जवानों को वहां से हटा दिया है। प्रकरण की जांच पंतनगर के सीओ डीआर वर्मा को सौंप दी है।नैनीताल हाईवे पर टांडा मोड़ पर पंतनगर थाने की निगरानी चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी और होमगार्ड के जवानों की दिनेशपुर सड़क की वन-वे व्यवस्था को लागू कराने के साथ ही रात में वाहनों की निगरानी की जिम्मेदारी है। मंगलवार तड़के संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में निगरानी चौकी में तैनात पुलिसकर्मी और होमगार्ड के जवानों की गंभीर लापरवाही देखने को मिली थी। पुलिसकर्मी चौकी के बाहर मौजूद नहीं था। होमगार्ड के जवान कुर्सी पर पसरे थे। वाहन बेधड़क वन-वे के नियम की धजिज्यां उड़ा रहे थे। पंतनगर फ्लाईओवर से व्यवस्था के विपरीत दोनों ओर वाहनों का संचालन बना हुआ था। वाहनों के आपस में टकराने की नौबत पैदा हो रही थी। पुलिस चौकी के पास ट्रैफिक नियमों की अनदेखी शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। एसएसपी ने बताया कि टांडा मोड़ निगरानी चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ ही होमगार्ड के दोनों जवानों को वहां से हटा दिया गया है। मामले की जांच पंतनगर के क्षेत्राधिकारी करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

चौकस दिखा पुलिसकर्मी
बुधवार को टांडा मोड़ निगरानी पुलिस चौकी पर व्यवस्था चौकस दिखी। चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी सड़क किनारे खड़े होकर दिनेशपुर की ओर वन-वे व्यवस्था में मुस्तैद दिखे।