Saturday, April 4, 2026
Home उत्तराखण्ड ऋषिकेश-भानियावाला सड़क चौड़ीकरण: 3300 पेड़ों की कटाई पर हाईकोर्ट की रोक का...

ऋषिकेश-भानियावाला सड़क चौड़ीकरण: 3300 पेड़ों की कटाई पर हाईकोर्ट की रोक का कांग्रेस ने किया स्वागत

0
2
Navin Joshi

देहरादून: उत्तराखंड हाईकोर्ट द्वारा ऋषिकेश-भानियावाला सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत 3300 पेड़ों की कटाई पर लगाई गई रोक का प्रदेश कांग्रेस ने स्वागत किया है। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी ने इस निर्णय को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

नवीन जोशी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार बिना उचित पर्यावरणीय आकलन और विशेषज्ञों की राय लिए ही पेड़ों की अंधाधुंध कटाई का निर्णय ले रही है। यह नीति न केवल वन्यजीवों के लिए बल्कि स्थानीय लोगों और पर्यावरण के लिए भी घातक है।”

उन्होंने यह भी कहा कि जिस क्षेत्र में यह सड़क चौड़ीकरण प्रस्तावित है, वह एलीफेंट कॉरिडोर के अंतर्गत आता है, जहां हाथियों की नियमित आवाजाही होती है। इससे पहले भी हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से शिवालिक एलीफेंट रिजर्व को संरक्षित किया गया था, लेकिन अब सरकार फिर उसी क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने पर आमादा है।

न्यायालय के आदेशों का पालन करने की अपील

नवीन जोशी ने सरकार से हाईकोर्ट के आदेशों का सख्ती से पालन करने की अपील की और कुछ महत्वपूर्ण मांगें रखीं—
पर्यावरणीय अनुमतियों और आकलन रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए।
विकास कार्यों में पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए।
सड़क चौड़ीकरण के लिए वैकल्पिक मार्गों पर विचार किया जाए और अधिक वृक्षारोपण की योजना बनाई जाए।

“पर्यावरण की कीमत पर विकास नहीं”

जोशी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस विकास कार्यों के खिलाफ नहीं है, लेकिन पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र की कीमत पर विकास नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार कोई वैकल्पिक समाधान निकालती है जिससे सड़क विस्तार बिना वन्यजीवों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए संभव हो, तो कांग्रेस उसका समर्थन करेगी।

जनता से सहयोग की अपील

उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के इस संघर्ष में अपनी आवाज उठाएं और प्राकृतिक संपदाओं को बचाने में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here