Sunday, April 12, 2026
Home उत्तराखण्ड नियमितीकरण की कटऑफ डेट बदलने के लिए निकाली रैली

नियमितीकरण की कटऑफ डेट बदलने के लिए निकाली रैली

0
1

हल्द्वानी। नगर निगम के पर्यावरण मित्रों ने संविदा, दैनिक वेतन कर्मियों के नियमितीकरण के लिए तय कटऑफ डेट को बदलने की मांग के लिए रैली निकाली। इस संबंध में उन्होंने प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा है। उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ व अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ से जुड़े कर्मचारियों ने शनिवार की दोपहर बाद नगर निगम से रैली निकाली। रैली नैनीताल रोड स्थित जल संस्थान कार्यालय के सामने से होते हुए एसडीएम कोर्ट परिसर पहुंची। इसमें शामिल पर्यावरण मित्रों ने अफसरों की गैरमौजूदगी में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कार्यालय में सौंपा।

शुक्रवार को जारी हुई नियमितीकरण नियमावली में कटऑफ चार दिसंबर 2018 निर्धारित की गई है। इसमें वर्ष 2009 के बाद से सेवा दे रहे कर्मचारियों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश भर में कटऑफ तिथि के अनुसार 10 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों की संख्या काफी है। उन्होंने कटऑफ 31 दिसंबर 2025 किए जाने की मांग उठाई। देवभूमि कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह ने चेताया कि यदि उनकी मांग न मानी गई तो वे आंदोलन करने के लिए विवश होंगे। रैली में रामअवतार राजौर, सुनील चौधरी, अमरदीप वाल्मीकि, अशोक चौधरी, श्याम सुंदर, रवि चिंडालिया, बबीता, सुनीता, श्याम भारती, सुरेश लाला आदि शामिल रहे।