Friday, June 26, 2026
Home उत्तराखण्ड निकाय आरक्षण पर भाजपा में खींचतान, चुनावों की घोषणा में देरी: कांग्रेस...

निकाय आरक्षण पर भाजपा में खींचतान, चुनावों की घोषणा में देरी: कांग्रेस ने सरकार को घेरा

0
6
Surya Kant Dhasmana
Surya Kant Dhasmana

प्रदेश सरकार निकाय चुनावों पर स्थिति स्पष्ट करे – सूर्यकांत धस्माना

देहरादून: कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की धामी सरकार पर राज्य के निकायों में आरक्षण को लेकर हो रही देरी के लिए तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राज्यपाल द्वारा ओबीसी आरक्षण विधेयक को मंजूरी मिलने के बावजूद सरकार ने निकायों में आरक्षण की स्थिति स्पष्ट नहीं की है।

श्री धस्माना ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय, ईसी रोड पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के आंतरिक मतभेदों और आरक्षण के अनुकूल परिस्थितियां बनाने की कोशिशों के कारण यह देरी हो रही है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार की निष्क्रियता के कारण राज्य निर्वाचन आयोग निकाय चुनावों का कार्यक्रम घोषित नहीं कर पा रहा है।”

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस मुद्दे पर उन्होंने राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार से फोन पर चर्चा की। इस चर्चा में सुशील कुमार ने कहा कि आयोग की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, लेकिन सरकार द्वारा आरक्षण की स्थिति स्पष्ट किए बिना चुनाव की घोषणा संभव नहीं है।

श्री धस्माना ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में अपने-अपने अनुकूल आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए भाजपा नेता आपस में उलझे हुए हैं। इसीलिए सरकार अब तक फैसला नहीं कर पाई है।”

कांग्रेस नेता ने शहरी जनता के लिए यह स्थिति लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से जनता जनप्रतिनिधियों के बिना है, और भाजपा सरकार अब भी चुनाव कराने से बचने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से तत्काल आरक्षण की स्थिति स्पष्ट करने और निकाय चुनावों का मार्ग प्रशस्त करने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here